जिला जज दिनेश कुमार सिंह ने कहा है कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निपटारे के लिए पुलिस शत-प्रतिशत समन वादकारियों को तामील कराए। राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने इस संबंध में अफसरों से जवाब तलब किया।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से समन के आंकड़े दिए गए। 5 दिसंबर तक विभिन्न न्यायालयों द्वारा विभिन्न थानों को कुल 12,952 समन जारी किए गए। इनमें से पुलिस विभाग द्वारा केवल 3,385 समन ही तामील कराए जा सके हैं। जो कुल जारी समन का महज 26 फीसदी बैठता है।
इधर पुलिस अधिकारियों ने अवगत कराया कि उन्हें जो समन मिले हैं, उसके 87 प्रतिशत तामील करा दिए गए हैं। इस बड़े अंतर को देख जिला न्यायाधीश दिनेश कुमार सिंह ने आंकड़ों की हकीकत पता करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक अदालत के मामले को गंभीरता से लेेने को कहा। बैठक में एसएसपी डा. आरके सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजवीर सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पवन कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
गोवर्धन, मगोर्रा में लगाया विधिक साक्षरता शिविर
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 दिसंबर को किया जा रहा है। इसमें कोई भी वादकारी अपना आवेदन कर सकता है। इस अदालत में सुलह योग्य आपराधिक वादों के अलावा सिविल वादों, भूमि अधिग्रहण वादों, पारिवारिक वाद, स्टाम्प वाद, उपभोक्ता फोरम वाद आदि के मामले निपटाए जाएंगे।
गोवर्धन, मगोर्रा में लगाए गए विधिक साक्षरता शिविर में ये जानकारी दी गई। विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पवन श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों ही स्थानों पर शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। एसडीएम विश्वभूषण मिश्रा भी उपस्थित रहे।