मथुरा। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के सभागार में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ एवं प्रधानाचार्य परिषद के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त डीआईओएस राघवेंद्र सिंह का स्वागत किया। इसके बाद हुई बैठक में शिक्षकों और कर्मचारियों की लंबित समस्याओं पर वार्ता हुई। डीआईओएस ने समाधान का आश्वासन दिया।
शिक्षक संघ ने वेतन भुगतान में आ रही बाधा, प्रधानाचार्यों के अवरुद्ध वेतन, एनपीएस अंशदान पीआरएएन खातों में जमा न होने और कार्यालयीय कार्यों में देरी का मुद्दा उठाया। प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. दिनेश सिंह राणा ने सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रबंधतंत्र द्वारा शिक्षकों व प्रधानाचार्यों के शोषण पर गहरी चिंता जताई।
पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज सिंह छौंकर ने हर माह की पहली तारीख को वेतन देने व एनपीएस का पैसा समय से जमा करने की मांग की। डीआईओएस ने हर माह की पहली तारीख को वेतन भुगतान और एनपीएस अंशदान खाते में जमा कराने का आश्वासन दिया। बैठक में जय प्रकाश शर्मा, शिव कुमार सिंह, डॉ. अजय कृष्ण सारस्वत, निरंजन सिंह सोलंकी, प्रमोद पटेल, राकेश ठकुरेला, संजय शर्मा, उमेश सिंह, विधान चंद्र, शैलेंद्र यादव और चंद्रभान यादव आदि उपस्थित रहे।