कैश न मिलने पर भड़की भीड़ ने बलदेव में स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र को घेर लिया। बवाल बढ़ने पर घबराए कर्मचारी छत पर चढ़ गए। जब तक पुलिस नहीं पहुंच गई ये नीचे नहीं आए। काफी देर तक हंगामा होता रहा। एटीएम पर भी लंबी लाइन लगी रही। जनपद में आधे एटीएम तो खाली पड़े हैं।
बैंक और एटीएम पर लगने वाली कतार अभी कम नहीं हो रही है। सुबह से ही पैसे के लिए लाइन में लग जाने वाले लोगों को जब कैश नहीं मिलता तो वो आपा खो देते हैं और हंगामा शुरू हो जाता है। शनिवार को बलदेव में भी यही हुआ।
बलदेव में स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र पर शनिवार को दोपहर के वक्त लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। केंद्र के भीतर घुसने की कोशिश करने लगे। इससे घबराए कर्मचारी केंद्र की छत पर चढ़ गए। पुलिस मौके पर पहुंची तो ये लोग नीचे नहीं उतरे। यहां बैंक पर भी लोगों ने हंगामा किया। सुबह सात बजे से लाइन में लगे लोगों को जब पैसा नहीं मिला तो उनमें रोष फैल गया। बैंक वालों पर भी खूब आरोप लगाए गए।
एटीएम पर होता रहा कैश का इंतजार
दोपहर बाद अधिकांश बैंकों के एटीएम खाली हो गए थे। लेकिन कैश आने की उम्मीद में लोग फिर भी खड़े रहे। होलीगेट, कृष्णानगर, स्टेट बैंक चौराहा के एटीएम पर पैसा न होने के बाद भी काफी देर तक लाइन लगी रही। यहां खड़ी भीड़ को किसी ने बता दिया था कि बैंक वाले एटीएम में कैश डालने वाले हैं। लेकिन शाम हो गई कोई पैसा डालने नहीं आया। शहर की बैंकों में भी यही स्थिति रही।