हाईवे पर थाना फरह क्षेत्र में रैपुरा जाट के समीप डीजल टैंकर में लगी आग में मृत तीनों महिलाओं का बुधवार देर रात पोस्टमार्टम करा दिया गया। मामले में टैंकर चालक ज्ञानेंद्र के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बुधवार को दोपहर में रिफाइनरी से डीजल लेकर जा रहा एचपीसीएल का टैंकर बिजली के खंभे से टकरा कर पलट गया था। इसके बाद स्पार्किंग से डीजल और फिर टैंकर आग लग गई। इसमें आगरा के बरौली अहीर की तीन महिलाएं बबली देवी, श्यामो और अनमोल की जलकर मौत हो गई थी।
बुधवार देर रात महिलाओं का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद उनके शव परिवारीजनों को सौंप दिए गए। महिलाओं के देवर राजबहादुर की तहरीर पर थाना फरह में चालक ज्ञानेंद्र निवासी दाऊजी नगर थाना नौहझील के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एचपीसीएल भी हादसे की जांच करेगी।
सीओ रिफाइनरी संजय सागर ने बताया कि चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। परिवहन विभाग से तकनीकी रिपोर्ट मांगी जाएगी, जिससे ताकि टैंकर के पलटने के कारणों का पता लग सके। बता दें कि हादसे में टैंकर चालक भी झुलस गया था। उसका उपचार चल रहा है।