बांके बिहारी मंदिर में एकादशी पर भक्तों की भीड़।
वृंदावन। फाल्गुन कृष्ण पक्ष की विजया एकादशी पर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में आराध्य के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर के द्वार से विद्यापीठ चौराहा तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग रहीं। सुबह मंदिर और गलियों में भीड़ के बीच श्रद्धालु बामुश्किल मंदिर तक पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। शाम को भक्तों की संख्या सामान्य रही। वहीं लाखों श्रद्धालुओं ने हरिनाम संकीर्तन के साथ नगर की पंचकोसी परिक्रमा लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
सुबह से ही श्रीबांकेबिहारी मंदिर में देशभर से आए हजारों श्रद्धालुओं ने आराध्य के दर्शन किए। सुबह मंदिर के प्रवेश द्वार तीन से विद्यापीठ चौराहा तक कतार लगी रहीं। वहीं प्रवेश द्वार दो से लेकर दाऊजी तिराहा से आगे तक भक्तों की कतारें लगी रही। भीड़ के दबाव के बीच श्रद्धालुओं ने श्रीबांकेबिहारी के दर्शन किए। एकादशी पर पुलिसकर्मियों ने भीड़ नियंत्रण के लिए जगह-जगह श्रद्धालुओं को रस्से लगाकर रोक-रोककर मंदिर की ओर भेजा। भीड़ में सर्वाधिक परेशानी बुजुर्ग, महिला एवं छोटे बच्चों को हुई। सुबह की तुलना में शाम के समय श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य रही। वहीं सुबह से ही देर रात तक भक्तों ने नगर की पंचकोसी परिक्रमा लगाई। कुछ श्रद्धालुओं ने दंडवती परिक्रमा लगाई। श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवायत एवं हाई पावर्ड कमेटी के सदस्य दिनेश गोस्वामी ने बताया कि एकादशी पर सुबह के समय भीड़ अधिक रही।