निधिवन में भजन प्रस्तुत करते भजन गायक जेएसआर मधुकर साथ में सहकलाकार।
वृंदावन। अष्टयाम रासोत्सव पद गायन की शृंखला में निधिवन एवं सेवाकुंज में भजन गायक जेएसआर मधुकर ने पदों का गायन कर भक्ति की बयार का प्रवाह किया। यहां दर्शन करने आए श्रद्धालु पदों को सुन भाव विभोर हो गए।
निधिवन में भजन गायक मधुकर ने शुक्रवार को ग्रीष्म एवं वर्षा ऋतु, प्रिय प्रियतम की चौसर लीला के पदों के मध्यम से ठाकुरजी का लीला वर्णन किया। गायन में जेएसआर मधुकर का साथ सुनंदा शर्मा, शशि सखी और भावना सखी ने दिया। उन्होंने बैठे दोउ कुंजमहल चौसर खेलत प्रिय और प्रीतम..., धन्यवाद सेवा का अवसर पाया..., अरे कारे बदरा सखी गगन सघन धन गरजे... आदि भजन पेश किए। उधर, ब्रज संस्कृति संगीत समिति द्वारा सेवाकुंज में भी रोनुक्ता गुप्ता एवं ब्रज रसिक मधुकर ने अष्टयाम की लीलाओं के पद पर जुगलबंदी गायन कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। भजन गायक ने बताया कि पिछले एक वर्ष से प्रारंभ हुए प्रिया प्रियतम की लीलाओं पर आधारित ब्रज मंडल में आयोजित अष्टयाम रासोत्सव पद गायन का कार्यक्रम ब्रज के मंदिरों, कुंजों में निरंतर चल रहा है। इस अवसर पर सेवायत भीकचंद गोस्वामी, रोहित गोस्वामी आदि मौजूद रहे। संवाद