वृंदावन। राधारमण मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं ने आराध्य संग होली का उत्सव मनाया। इस मौके पर प्रसादी गुलाल की वर्षा से पूरा मंदिर परिसर रंग-बिरंगा हो गया। भक्तों ने इसे अपने जीवन का सौभाग्य माना और गुलाल लगने को आशीर्वाद के रूप में स्वीकार किया।
वृंदावन इन दिनों होली के रंग में पूरी तरह रंगा है, जहां 40 दिवसीय होलिकोत्सव की धूम मची है। वसंत पंचमी से शुरू हुए इस अनोखे उत्सव में भाग लेने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं।
राधारमण मंदिर में शृंगार आरती के बाद सेवायतों ने ठाकुर राधारमणलाल का प्रसादी गुलाल भक्तों पर बरसाया। गुलाल की यह वर्षा श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का प्रतीक बन गई। प्रसादी गुलाल की बौछार और भक्तों की भक्ति भावनाओं ने इस पर्व को और भी खास बना दिया।