मोहनी एकादशी पर बांकेबिहारी मंदिर में उमड़ी भीड़
- फोटो : अमर उजाला वृंदावन
मोहनी एकादशी पर मंगलवार को नगर के मंदिरों और देवालयों में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। सुबह से शाम तक ठाकुरजी के दर्शनार्थ मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पंचकोसीय परिक्रमा लगाई और यमुना स्नान भी किया।
नगर के प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर, ठाकुर राधाबल्लभ मंदिर, राधादामोदर मंदिर, राधाश्यामसुंदर मंदिर, राधारमण मंदिर, गोपीनाथ मंदिर, राधासनेह बिहारी मंदिर, प्रेम मंदिर, कृष्ण-बलराम इस्कॉन मंदिर में सुबह से ही आराध्य के दर्शनों के लिए श्रद्धालु उमड़ने लगे।
ठाकुरजी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। नगर के प्राचीन केशीघाट, चीरघाट, बिहारघाट, जुगलघाट आदि पर यमुना स्नान के लिए श्रद्धालु उत्साहित दिखे। परिक्रमा मार्ग में सुबह से ही श्रद्धालुओं की टोलियां परिक्रमा करते नजर आ रही थीं। शाम के समय मंदिरों में भव्य फूलबंगला और समाज गायन का आयोजन किया गया।