अमावस्या पर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
वृंदावन। अमावस्या के कारण रविवार को धर्मनगरी में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। ठाकुर श्रीबांकेबिहारी के दर्शन कर भक्तों ने यमुना पूजन किया और पंचकोसीय परिक्रमा लगाई।भारी भीड़ के चलते जहां व्यवस्थाएं चरमरा गईं, वहीं दिनभर जाम के हालात भी बने रहे।
श्रीबांकेबिहारी महाराज के दर्शन की लालसा में भक्तों ने घंटों लाइन में खड़े होकर इंतजार किया। जिन लोगों को दोपहर में 1 बजे राजभोग आरती के समय तक दर्शन नहीं मिले, उन्होंने शाम 4 बजे बाद दर्शन खुलने तक इंतजार किया। मंदिरों की ओर जाने वाली कोई गली ऐसी नहीं थी जहां श्रद्धालुओं की भीड़ न हो। भीड़ के कारण लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा।
हालांकि पुलिसकर्मी और मंदिर के सुरक्षाकर्मी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे, लेकिन भीड़ के कारण यह ध्वस्त नजर आई। इधर, श्रद्धालुओं ने यमुना में स्नान कर वृंदावन धाम की पंचकोसीय परिक्रमा भी की। परिक्रमा मार्ग और मंदिर क्षेत्र में राधे-राधे की गूंज और बांकेबिहारी के जयकारे सुनाई दे रहे थे।