वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में शनिवार सुबह से आराध्य के दर्शन के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े। मंदिर के प्रवेश द्वार से लेकर संकरी गलियों तक भीड़ के दबाव और धक्का मुक्की के बीच भक्तजन मंदिर पहुंचे और दर्शन किए।
शनिवार सुबह ठाकुर बांकेबिहारी के पट खुलने से पहले ही मंदिर के प्रवेश द्वार पर दर्शन करने की चाह लिए हजारों भक्तजन पहुंच गए। भक्तों ने राधे-राधे और बांकेबिहारी के जयकारों के बीच मंदिर के पट खुलने का इंतजार किया। निर्धारित समय पर पौने नौ बजे पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने मंदिर में प्रवेश किया। मंदिर के चौक और गलियां श्रद्धालुओं से खचाखच भरी रहीं। यही हालात शाम को भी देखने को मिले।
बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बताया कि शनिवार और रविवार को कार्यालयों का अवकाश होने पर दिल्ली एनसीआर और अन्य विभिन्न शहरों से श्रद्धालु दर्शन करने के लिए आते हैं। शनिवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आए। रविवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने के लिए आने की संभावना है।