गोवर्धन। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण दानघाटी मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मथुरा, भरतपुर, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और राजस्थान से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सुबह 10 बजे से ही मंदिर के सामने वाहनों का भारी दबाव बढ़ने लगा था।देखते ही देखते भीषण जाम की स्थिति बन गई।
यह स्थिति दिन भर बनी रही। शाम तक श्रद्धालु जाम में फंसे नजर आए। मंदिर क्षेत्र में बाहरी वाहनों और ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित है। इसके बावजूद ई-रिक्शा और कारें मंदिर के मुख्य द्वार तक पहुंच गईं। दर्शन कर लौट रहे लोग और आ रहे वाहन आमने-सामने आ गए। इससे पूरा मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। निकास द्वार के सामने पैदल चलने तक की जगह नहीं बची थी। बुजुर्ग और महिलाएं वाहनों के बीच से निकलने को मजबूर हुईं। परिक्रमा करने आए श्रद्धालुओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। दिल्ली से आए श्रद्धालु रमेश कुमार ने कहा कि गोवर्धन में हर रविवार को यही हाल रहता है। भरतपुर से आई कल्पना ने कहा कि बच्चों के साथ परिक्रमा करना बेहद मुश्किल हो गया।
पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल
श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि जाम खुलवाने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात नहीं था। तैनात पुलिसकर्मी भी एक किनारे खड़े नजर आए। कई जगहों पर श्रद्धालुओं ने खुद ही वाहनों को हटाकर रास्ता बनवाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य चौराहों पर पहले से बैरिकेडिंग होने पर यह नौबत नहीं आती।
-
पुलिस प्रशासन का नया ट्रैफिक प्लान
गोवर्धन के पुलिस क्षेत्राधिकारी हिमांशु माथुर ने कहा कि मंदिर क्षेत्र में बाहरी वाहनों के प्रवेश पर सख्त रोक है। आगे से व्यवस्था को और अधिक कड़ा किया जाएगा। दानघाटी मंदिर, मुख्य चौराहों और परिक्रमा मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात होगा। बैरिकेडिंग और डायवर्जन की व्यवस्था मजबूत कर विशेष ट्रैफिक प्लान बनेगा।