वृंदावन के ठाकुर राधारमण मंदिर में चल रहे प्रेमोत्सव के दौरान आराध्य का लता-पत्तों और फूलों से मनोहारी श्रृंगार किया गया। पंजाबी गायक बी प्राक ने ठाकुरजी के समक्ष भजन प्रस्तुत कर राग सेवा की, जिससे श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे।
वृंदावन के प्राचीन सप्तदेवालयों में एक ठाकुर राधारमण मंदिर में प्रेमोत्सव चल रहा है। आराध्य ठाकुर राधारमण लाल ने लता पताओं से बनी कुंज में कलियों का शृंगार कर भक्तों को दर्शन दिए। वहीं पंजाबी सिंगर बी प्राक ने ठाकुरजी के सामने भजन प्रस्तुत कर आराध्य की राग सेवा की। बी प्राक के भजन जीवन का यही तो सिला है बरसाना मिला है, जय-जय राधारमण हरि बोल, जसुमत का लाल मेरे जीवन का प्राण है और जय-जय राधारमण हरि बोल सुनाया तो श्रद्धालु श्रद्धालु झूमने लगे।
विज्ञापन
मंदिर के सेवायत आचार्य पद्मनाभ गोस्वामी द्वारा मंदिर में प्रेमोत्सव मनाया जा रहा है। इसमें ठाकुरजी का नित नया शृंगार कर फूल बंगले में विराजमान किया जा रहा है। बुधवार को ठाकुरजी को प्राचीन वृंदावन के स्वरूप में लता पताओं से बनी कुंज में विराजमान किया गया। गर्मी में शीतलता प्रदान करने के लिए मोगरा और चमेली की कलियों से आराध्य का शृंगार किया गया। फलों का शरबत ठाकुरजी को अर्पित किया गया। सेवायत आचार्य चंदन गोस्वामी, अनुराग गोस्वामी ने भक्तों को प्रसाद वितरण किया।