नंदगांव। कस्बे में रोडवेज बसों की निर्धारित समय सारिणी न लगाए जाने से यात्रियों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन और धार्मिक यात्रा कार्यक्रमों में शामिल होने आते हैं, लेकिन बस अड्डे पर घंटों इंतजार करने के बाद भी उन्हें रोडवेज बस की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती। मजबूरन लोग डग्गेमार वाहनों का सहारा लेते हैं।
स्थानीय निवासी बलराम गोस्वामी ने कहा कि नंदगांव जैसे धार्मिक और पर्यटन महत्व वाले कस्बे में नियमित बस सेवा की जरूरत है। दिल्ली से आई मीरा अग्रवाल, सानिया, रवि कालड़ा आदि ने बताया कि रोडवेज प्रशासन की लापरवाही से आए दिन लोग परेशानी झेल रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने परिवहन निगम से मांग की है कि नंदगांव से मथुरा, वृंदावन, बरसाना, कोसी, कामां, डीग, भरतपुर और दिल्ली सहित प्रमुख मार्गों के लिए बसों की नियमित समय सारिणी तय की जाए ताकि यात्रियों और श्रद्धालुओं को सुविधाजनक यात्रा मिल सके। एआरएम मदन मोहन शर्मा ने बताया कि बस स्टैंड पर जल्द ही बसों की समय सारिणी लगवाई जाएगी।