वृंदावन (मथुरा)। अलकायदा से धमकी मिलने का दावा करने वाले महामंडलेश्वर धर्मेंद्र गिरी ने रविवार को फिर से व्हाट्सएप मेसेज में धमकी मिलने की बात कही है। बताया कि इस बार एक किशोर के फोटो से साथ ऑडियो क्लिप भी आई है। इसमें कहा जा रहा है कि गुस्ताखे नवी की एक सजा सिर धड़ से जुदा, सिर धड़ से जुदा। इस नए मेसेज के बाद महामंडलेश्वर ने सोमवार को पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। दूसरी ओर इस मामले की जानकारी मिलने पर महामंडलेश्वर को मिली धमकी के बाद खुफिया विभाग सक्रिय हो गया है।
विदित है कि महेश्वर धाम के आचार्य महामंडलेश्वर धर्मेंद्र गिरी गोस्वामी के मोबाइल पर शनिवार शाम आई कॉल में धमकी देते हुए कन्हैयालाल जैसा कांड देश में होने और देश और प्रदेश के शीर्ष नेताओं को बम से उड़ाने की धमकी दी। इस धमकी भरे फोन आने के बाद महामंडलेश्वर ने पुलिस के आला अधिकारियों से सोमवार को मुलाकात की है।
आचार्य महामंडलेश्वर धर्मेंद्र गिरी गोस्वामी ने बताया कि सोमवार को उन्होंने एसपी सिटी एमपी सिंह और सीओ सदर से मिलकर सुरक्षा देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि पुलिस से उन्हें जानकारी मिली है कि शनिवार को जो कॉल उनके मोबाइल पर आई थी वह बंगलुरु से की गई थी। पुलिस ने सिर्फ उन्हें इतना ही बताया, न तो किसी की गिरफ्तारी की गई है और न उनके आश्रम एवं उनकी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मिलकर मामले को गंभीरता से लेने का आग्रह किया है। कहा कि यह कॉल और मेसेज की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। मेसेज भेजने वाले कौन लोग हैं पुलिस को उन तक पहुंचना चाहिए। एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया कि जिस नए नंबर से उन्हें रविवार की शाम मेसेज आए उस नंबर की डिटेल निकालने के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।