मथुरा। घने कोहरे के चलते रेल यातायात पिछले महीने भर से बुरी तरह प्रभावित है। लंबी दूरी की कई ट्रेनें घंटों देरी से स्टेशन पर पहुंच रही हैं। रविवार को श्रीधाम एक्सप्रेस आठ घंटे की देरी से मथुरा पहुंची, जबकि कलिंग उत्कल एक्सप्रेस लगभग पांच घंटे विलंब से स्टेशन पर आई। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। रेल प्रशासन की एंटी फॉग सिस्टम डिवाइस भी प्रभावी साबित नहीं हो पा रही है। ट्रेनों के देरी से पहुंचने पर कड़ाके की सर्दी में यात्रियाें को दिक्कतें हो रही हैं। सचखंड एक्सप्रेस 4 घंटे 40 मिनट की देरी से पहुंची, वहीं मालवा एक्सप्रेस करीब 2 घंटे विलंब से आई। कोहरे की मार से एक दर्जन से अधिक अन्य ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से काफी देर से चलीं। यात्रियों को ठंड और कोहरे के बीच स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ा। इसके अलावा ट्रेनों की सही जानकारी न मिलने से परेशानी और बढ़ रही है। संवाद