मथुरा रेलवे स्टेशन से बच्चा चोरी के मामले में जेल में बंद फिरोजाबाद की पार्षद व अन्य पांच अभियुक्तों द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट में डाली गई जमानत पर मंगलवार को निर्णय नहीं आ सका। अब यह निर्णय बुधवार को आएगा।
24 अगस्त को मथुरा जंक्शन से फरह पुरखम निवासी महिला का बच्चा चोरी हुआ। इसमें फिरोजाबाद की महिला पार्षद विनीता अग्रवाल, पति कृष्ण मुरारी अग्रवाल, हाथरस के बांके बिहारी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. प्रेम बिहारी पत्नी डॉ. दयावती, एएनएम पूनम पति मंजीत सहित 11 अभियुक्तों को जेल भेजा है ।
जमानत के लिए दाखिल किया था प्रार्थनापत्र
छह अभियुक्तगण भाजपा पार्षद, उनके पति, हाथरस के डॉक्टर दंपती, एएनएम और उनके पति ने सोमवार को अपर सत्र न्यायाधीश-2 फास्ट ट्रैक कोर्ट में जमानत के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया था।
अदालत में इन प्रार्थना पत्रों पर सुनवाई भी हुई परंतु किन्हीं कारणों से सोमवार को निर्णय नहीं आ सका। अदालत ने निर्णय रिजर्व कर लिया है। एडीजीसी सुभाष चतुर्वेदी ने बताया कि अदालत में जमानत पर सुनवाई हुई है। निर्णय बुधवार को दिया जाएगा।