सौंख (मथुरा)। सरकारी रास्ते से अतिक्रमण हटाने और जमीन की नापतोल करने पहुंची पुलिस व राजस्व टीम को घेरकर नामजदों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है ईंट-पत्थर भी फेंके गए। हमले दो महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं। टीम जमीन की बिना नापतोल के लौट गई। पुलिस ने 13 नामजद समेत पांच अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।
थाना मगोर्रा के गांव नगला जीवन में सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण हटाने और नापतोल करने के लिए बुधवार को नायब तहसीलदार मीनू राजपूत के नेतृत्व में राजस्व व पुलिस टीम पहुंची थी। टीम का दबंगों ने विरोध करते हुए घेर लिया। गालियां देते हुए लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला पुलिसकर्मी मिथलेश कुमारी और मनोरमा घायल हो गईं। टीम जैसे-तैसे जान बचाकर आई। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
उपनिरीक्षक अमरपाल तोमर ने नगला जीवन निवासी वीरेंद्र, खेमचंद, भरत सिंह, अर्चना, कुल्लू, अनुपम, कल्लो, माया, परशुराम, विनोद, विवेक, अनिकेत और हाथरस की सादाबाद कोतवाली के गॉव कुरसंडा निवासी दीपक समेत पांच अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। राजस्व टीम में राजस्व निरीक्षक सतीश चंद, लेखपाल कमलेश पाली, पुलिसकर्मी गजेंद्र सिंह, सत्यपाल सिंह, मिथलेश कुमारी, मनोरमा आदि शामिल रहे। सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह ने बताया कि राजस्व और पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।