मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर सुरीर क्षेत्र में 11 अगस्त को मिले युवती के शव की पहचान हो गई है। यह शव मथुरा के बसंत विहार में रहने वाली छात्रा नेहा खंडेलवाल का निकला। मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे परिवारवालों ने उसकी शिनाख्त कर ली है।
नेहा दिल्ली में कनॉट प्लेस पर एक कंपनी में जॉब कर रही थी। तीन दिन की छुट्टी मनाकर पांच अगस्त को दिल्ली गई थी। 10 अगस्त को उसकी अपने पापा से बात भी हुई थी। लेकिन उसके बाद से उसका मोबाइल आउट ऑफ कवरेज एरिया बताता रहा। वह यमुना एक्सप्रेसवे पर कब और कैसे पहुंची। उसके साथ कौन था, इन सवालों का जवाब न घर वालों पर है और न ही पुलिस पर।
10 अगस्त की सुबह को सुरीर कोतवाली क्षेत्र में हरनौल गांव के पास माइल स्टोन 92 पर एक युवती का शव मिला था। शरीर नीला हो गया था लिहाजा माना गया कि जहर दिया गया है। गर्दन पर भी निशान थे जिसे देखकर पुलिस ने अनुमान लगाया कि गला घोंटकर हत्या की गई है। शव के पास से ऐसा कुछ नहीं मिला था जिससे उसकी पहचान हो पाती। लिहाजा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस पर रखवा दिया था।
मंगलवार को उसकी पहचान हो गई। बसंत विहार कालोनी (गिरधरपुर) निवासी गोविंद खंडेलवाल ने पुलिस को बताया कि शव उनकी बेटी का है। नेहा (28) तीन महीने से दिल्ली की एक कंपनी में नौकरी कर रही थी। पांच अगस्त को वह छुट्टी मनाकर वापस दिल्ली गई थी।
गोविंद खंडेलवाल ने बताया कि 10 अगस्त की रात तक उनकी अपनी बेटी से बात हुई है। कह रही थी कि स्वास्थ्य ठीक नहीं है। सिर में दर्द है। 11 अगस्त की सुबह से ही उसका मोबाइल आउट ऑफ कवरेज एरिया बताने लगा था। अब सुरीर पुलिस दिल्ली में वहां गई है जहां नेहा किराये का मकान लेकर रहती थी। पुलिस दिल्ली में उसके आफिस भी जाएगी।
घर आ रही थी नेहा, साथ में था मथुरा का ही कोई
मथुरा। जिस तरह से नेहा का शव सुरीर में मिला है इससे माना जा रहा है कि वह मथुरा आ रही होगी। उसके साथ में भी कोई मथुरा का ही होगा। रास्ते में इन लोगों ने खाना भी खाया होगा। उसके बाद ही हत्या की गई है। नेहा के पिता कह रहे हैं कि 10 अगस्त को उनकी अपनी बेटी से बात हुई है। लेकिन उनका यह भी कहना है कि मथुरा आने को लेकर कोई जिक्र उसने नहीं किया था।