मथुरा की जैत पुलिस ने ग्राइंडर ऐप के जरिए युवकों को सुनसान जगह बुलाकर लूटपाट और ब्लैकमेल करने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 10 मोबाइल, 51,500 रुपये नकद और दो बाइक बरामद हुई हैं, जबकि पुलिस अन्य पीड़ितों और मामलों की जांच कर रही है।
ग्राइंडर ऐप (खासतौर पर समलैंगिकों के लिए ऐप) के माध्यम से युवकों को मिलने के बहाने सुनसान स्थान पर बुलाकर लूटपाट और ब्लैकमेल करने वाले सात सदस्यों को गिरफ्तार कर जैत पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के 10 मोबाइल फोन, 51,500 रुपये नकद और दो बाइकें बरामद कीं हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी युवकों को सुनसान इलाकों में बुलाकर उनके अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करते थे।
विज्ञापन
थानाध्यक्ष सोनू कुमार के नेतृत्व में जैत पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने शुक्रवार सुबह सूचना के बाद धौरेरा के जंगल में घेराबंदी कर सातों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान बिहार के भोजपुर निवासी सुनील, हरियाणा के रेवाड़ी निवासी सूरज, वृंदावन निवासी रवि, कृष्णा उर्फ बिट्टू, राया निवासी भूपेंद्र, हाथरस निवासी प्रवीण और मध्य प्रदेश के दमोह निवासी राजेश सिंह के रूप में हुई है। वर्तमान में सभी आरोपी वृंदावन क्षेत्र में ही रह रहे थे।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ग्राइंडर ऐप के जरिए युवकों से दोस्ती कर उन्हें मिलने के लिए सुनसान स्थान पर बुलाते थे। जैसे ही युवक बताए स्थान पर पहुंचता, वैसे ही गिरोह के अन्य सदस्य भी आ जाते थे। युवक से मारपीट कर मोबाइल, नकदी और अन्य सामान लूट लेते थे। इतना ही नहीं ये आरोपी युवकों के फोन का पासवर्ड लेकर उनके अपने खातों में रकम ट्रांसफर कर लेते थे। आरोपी पीड़ित की अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देते थे, जिसके कारण काफी लोग शिकायत दर्ज नहीं कराते थे।
पुलिस ने दर्ज कीं दो प्राथमिकी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जैत थाने में दो प्राथमिकियां दर्ज की हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पीड़ितों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। बरामद मोबाइलों के आधार पर अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह कितने समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था और किन-किन क्षेत्रों में लोगों को अपना शिकार बना चुका है। पुलिस सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।