मथुरा। शहर कोतवाली की मंशापुरी कॉलोनी में बृहस्पतिवार की सुबह आधा दर्जन हमलावरों ने डेयरी संचालक को चाकुओं से गोद दिया। हमलावरों ने चाकू से इतने प्रहार किए कि डेयरी संचालक के पेट से अंतड़ी तक बाहर निकल आई। घायल ने शोर किया तो हमलावर भाग गए। परिजन ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है।
एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह 4.30 बजे मंशापुरी कॉलोनी स्थित डेयरी संचालक पर हमले की सूचना मिली थी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर को फोर्स के साथ भेजा। पूछताछ में जानकारी हुई सौंख रोड के सुखदेव नगर निवासी अनीश की मंशापुरी में दूध की डेयरी है। बृहस्पतिवार को वह अपने भाई इद्रीश के साथ डेयरी खोलने पहुंचा। डेयरी खुले हुए कुछ ही समय हुआ था कि तभी बाइक सवार हाकिम अपने पुत्र सलमान और आमिर समेत दो अज्ञात युवकों के साथ आया और अनीश पर हमला बोल दिया। आरोप है कि आमिर ने चाकू से इतने प्रहार किए कि अनीश की अंतड़ियां बाहर आ गई।
घायल अनीश ने शोर किया तो उसका भाई इद्रीश और नौकर बचाव को दौड़े। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्रित होने लगे। लोगों को आता देख हमलावर भाग गए। घायल के भाई ने परिजन को सूचना दी तो उन्होंने पुलिस को जानकारी दी और मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल के भाई यूनिस की तहरीर पर थाना हाईवे के जसवंत टेलीकॉम वाली गली निवासी सलमान, आमिर, हाकिम समेत दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के बाद हमलावरों की तलाश में जुट गई है।