मथुरा। सावधान! साइबर अपराधियों ने लोगों के खाते में सेंध लगाने के लिए कोरोना को अपना नया हथियार बना लिया है। वह कोरोना इलाज के नाम पर आयुष अधिकारी बनकर बैंक खाताधारकों को फोन कर रहे हैं और अपनी बातों में उलझा कर खाता हैक कर रहे हैं। एक दिन पूर्व शहर के व्यापारी के पास इस प्रकार का फोन आने पर उन्होंने न केवल जिला के आयुष्मान अधिकारी को फोन किया बल्कि पुलिस अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी।
अभी तक बैंक अधिकारी बनकर धोखाधड़ी करने वाले साइबर अपराधियों द्वारा कोरोना की आड़ में लोगों के फोन का डाटा चोरी किया जा रहा है। एक दिन पूर्व चौक बाजार के व्यापारी गौरव अग्रवाल के पास इसी प्रकार का फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने व्यापारी को खुद को दिल्ली के आयुष विभाग का अधिकारी बताया तथा कहा कि वह उसे कोरोना से निपटने का नया फार्मूला बताएगा। फोन करने वाले ने आयुष्मान योजना आदि के बारे में बातें कीं। इसी दौरान फोन करने वाले व्यक्ति ने उलटी-पुलटी बातें करके व्यापारी को उलझा कर फोन चालू करते रहने को कहा।
व्यापारी को लगा कि उक्त व्यक्ति उसके फोन को चालू रखकर उसका फोन डाटा चोरी करना चाहता है। चूंकि व्यापारी द्वारा बैंक खातों का बहुत सा काम इसी फोन से किया जाता था तो उन्होंने इस फोन को काट दिया। उन्होंने इस संबंध में जनपद के चिकित्सकों सहित पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी। एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि फोन पर किसी भी प्रकार से व्यक्ति से अपने खाते या अन्य प्रकार की जानकारी नहीं देनी चाहिए। यह लोगों को बेवकूफ बनाकर खातों से पैसा निकाल लेते हैं। हमें जागरूक रहना चाहिए। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर हम कार्रवाई करेंगे।