मथुरा/फरह। फरह के गांव बेगमपुर ढकोला में खेत पर गए किसान की विद्युत पोल में आ रहे करंट से मौत हो गई। किसान की मौत पर गुस्साए ग्रामीणों ने थाना फरह पर जमकर हंगामा काटा। विद्युत विभाग की लापरवाही का मुकदमा दर्ज होने पर आधे घंटे बाद हंगामा कर रहे ग्रामीण शांत हो सके।
थाना फरह के गांव बेगमपुर ढकोला निवासी बेनीराम (46) लटूरी बुधवार की सुबह खेत पर जा रहा था। खेत पर पहुंचे किसान का हाथ पोल से लग गया। इसमें आए करंट से किसान की मौत हो गई। आनन-फानन में किसान को सीएचसी ले जाया गया। यहां से आगरा रेफर कर दिया गया। रैपुराजाट के पास किसान ने दम तोड़ दिया।
इससे गुस्साए सैकड़ों ग्रामीण थाने पहुंचे। यहां पर हंगामा कर रहे ग्रामीण विद्युत विभाग के अफसरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग पर अड़े हुए थे। आधे घंटे तक हंगामा कर रहे ग्रामीणों को सीओ रिफाइनरी आलोक दुबे और प्रभारी निरीक्षक उत्तमचंद पटेल ने समझा-बुझाकर शांत किया। आखिरकार विद्युत विभाग की लापरवाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को कब्जे में लिया गया है। उधर, विद्युत विभाग फरह के एसडीओ शीतल प्रसाद ने बताया कि पोल में करंट आने की कोई भी शिकायत नहीं थी। अगर होती तत्काल सही कराई जाती। विद्युत विभाग की कोई लापरवाही नहीं है।