वृंदावन। वृंदावन शोध संस्थान के ब्रज संस्कृति संग्रहालय का विस्तार कार्य शुरू हो गया है। इसके निर्माण में आधुनिक सुविधाओं का ख्याल रखते हुए चार और नई गैलरियों का निर्माण होगा। इससे लोग ब्रज संस्कृति की प्राचीन धरोहरों को अधिक से अधिक देख सकेंगे।
वृंदावन शोध संस्थान के परिसर में ब्रज संस्कृति संग्रहालय में वर्तमान में चार गैलरी हैं। इनमें ब्रज के आचार्य एवं संतों की जीवन गाथा के साथ ही उनके उपयोग में आने वाली वस्तुएं, पांडुलिपियां, चित्र, मूर्ति एवं ब्रज के लुप्त होते वाद्य यंत्र रखे हैं। ब्रज संस्कृति को जानने के लिए देशभर से आने वाले लोगों के लिए संस्थान द्वारा संस्कृति संग्रहालय का विस्तार किया जा रहा है। संग्रहालय में चार और गैलरी का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। जो कि आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी। भूतल के साथ प्रथम तल पर बन रही गैलरियों के माध्यम से लोगों को और अधिक ज्ञान अर्जित करने का मौका मिलेगा। संग्रहालय के विस्तार में लगभग चार करोड़ 25 लाख रुपये की लागत आएगी।
वृंदावन शोध संस्थान के निदेशक राजीव द्विवेदी ने बताया कि संस्थान परिसर में स्थापित ब्रज संस्कृति संग्रहालय में वर्तमान में चार गैलरी हैं। चार और नई गैलरी का निर्माण किया जा रहा है। इनमें ब्रज की प्राचीन धरोहरों को प्रदर्शित किया जाएगा। इन गैलरियों में क्या प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए विशेषज्ञों की कमेटी गठित की जाएगी। यह कार्य एक वर्ष में पूरा कर लिया जाएगा।