होली मिलन समारोह में मौजूद ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारी
वृंदावन। ब्राह्मण महासभा द्वारा परिक्रमा मार्ग स्थित जुगल बिहारी मंदिर में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर फूलों की होली के साथ-साथ अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
ब्राह्मण महासभा के संस्थापक सुरेश चंद्र शर्मा ने कहा कि होली का पर्व बहुआयामी है जिसमें समाज में ऊंच-नीच, गरीब-अमीर जैसी सभी भेदभाव की भावनाएं समाप्त हो जाती हैं। यह पर्व खेती-किसानी से भी जुड़ा है इसीलिए होलिका दहन में गेहूं की बालियों को भूनने का विशेष महत्व माना जाता है।
ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष महेश भारद्वाज ने कहा कि होली उमंग और उत्साह से भरा त्योहार है। तीर्थ पुरोहित पंडा सभा के अध्यक्ष श्याम सुंदर गौतम ने बताया कि होलिका दहन के दिन भक्तजन अग्नि के चारों ओर नृत्य और लोकगीतों का आनंद लेते हैं। मीडिया प्रभारी गोपाल शरण शर्मा, श्रीहरि सुरेशाचार्य, आचार्य ब्रह्मदेव द्विवेदी, मोहन मोही, बांकेलाल शर्मा, अमित भारद्वाज, हरिभाई सिलीगुड़ी, अजय किशोर शर्मा आदि उपस्थित रहे।