गोवर्धन। श्री गिर्राज जी मुकुट मुखारविंद मंदिर, हरगोकुल दसविसा ब्राह्मणान के दूध, भोग, भेंट, गोलक और पूजा से जुड़े ठेकों में करोड़ों रुपये की बकाया राशि को लेकर मंदिर प्रबंधन ने एसएसपी से शिकायत की है। प्रबंधक बंशी लाल उर्फ बृजगोपाल शर्मा ने विभिन्न ठेकेदारों पर धोखाधड़ी और जालसाजी का आरोप लगाते हुए नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2024-25 में अलग-अलग अवधियों के लिए दिए गए ठेकों में कई ठेकेदारों ने पूरी रकम जमा नहीं कराई। मनोज शर्मा पर लगभग 82.90 लाख रुपये, प्रकाश उर्फ हरी पचौरी पर 73.91 लाख रुपये, एकलव्य शर्मा पर 33.51 लाख रुपये और पुष्पेंद्र शर्मा पर 27.59 लाख रुपये बकाया बताए गए हैं। इसी तरह दीपचंद्र शर्मा पर करीब 40.36 लाख रुपये, बनवारी लाल शर्मा पर 33.20 लाख रुपये, राजीव शर्मा पर 27.12 लाख रुपये, सुमित शर्मा पर 8.44 लाख और संजय शर्मा पर 14 लाख रुपये की बकाया राशि होने का आरोप है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ लोगों द्वारा दिए गए चेक बैंक में धनराशि न होने के कारण बाउंस हो चुके हैं।
मंदिर प्रबंधन का आरोप है कि ठेका अवधि समाप्त होने के बाद बार-बार कहने के बावजूद संबंधित लोगों ने धनराशि जमा नहीं की और कई लोग अब संपर्क से भी बाहर हैं। इसे मंदिर के साथ धोखाधड़ी बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।