शुक्रवार को दिनदहाड़े बाजार से लौट रही आईटीबीपी के सिपाही की पत्नी को घर के पास गोली मार दी गई। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर घायल महिला को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। गोली मारने वाला पड़ोसी युवक बताया जा रहा है जो परिवार के साथ फरार हो गया है। घटना के मूल में दो दिन पहले हुआ विवाद बताया जा रहा है।
थाना यमुनापार की श्यामापुरम कालोनी निवासी हरपाल सिंह आईटीबीपी में कांस्टेबल हैं। उनकी तैनाती उत्तरकाशी में है। घर पर उनकी पत्नी सीमा परिवार के साथ रहती हैं। सीमा शुक्रवार की दोपहर बाजार से लौटीं थी। वह अपने घर के दरवाजे को खोल ही रही थीं कि अचानक फायर हुआ और सीमा के पैर में गोली लग गई। गोली लगने से लहूलुहान सीमा दरवाजे पर ही गिर गईं। चीख पुकार सुनकर आसपड़ोस के लोग पहुंचे। किसी ने यूपी-100 को सूचित कर दिया।
लहूलुहान हालत में कालोनी के लोगों ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए। घायल महिला ने पुलिस को बताया कि गोली विनोद ने चलाई है। दो दिन पहले विनोद नशे में गालीगलौज कर रहा था। उन्होंने उसे डांटा था। इस पर वह रंजिश मान रहा था। वहीं घायल महिला सीमा के देवर योगेंद्र ने विनोद के साथ उसकी मां सरोज और बहन वीरमति के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।