थाना महावन के रमणरेती इलाके में गुरुवार रात आठ बजे गोकुल की ओर जा रही महिला से तीन लोगों ने जंगल में ले जाकर दुराचार किया। महिला के शोर मचाने पर राहगीर पहुंच गए और दो आरोपियों को पकड़ लिया। सूचना पर महावन पुलिस पहुंच गई। पकड़ा गया एक आरोपी थाना महावन क्षेत्र के गांव का पूर्व प्रधान और दूसरा छाता क्षेत्र के गांव का प्रधान है।
गुरुवार रात आठ बजे महावन थाना क्षेत्र में रमणरेती आश्रम रोड पर एक महिला पैदल गोकुल की ओर जा रही थी। टाटंबरी आश्रम के निकट जंगल में तीन लोगों ने महिला को पकड़ लिया और एकांत में ले गए। इसके बाद दुराचार किया। महिला के शोर मचाने पर राहगीर रुके और महिला के पास गए। वहां दो लोगों को पकड़ लिया और तीसरा भाग गया। राहगीरों ने महावन पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को लेकर थाने आ गई।
एसपी देहात अरुण कुमार सिंह ने बताया गया पकड़े गए लोगों में एक आरोपी महावन क्षेत्र के गांव का पूर्व प्रधान है और दूसरा छाता क्षेत्र के गांव का प्रधान हैं। एक प्रधान पर दुराचार का आरोप है तो दूसरा दुराचार के मामले में गवाह है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और महिला से असलियत जानने का प्रयास कर रही है। प्राथमिक तौर पर पुलिस मामले को पूर्व नियोजित मान रही है। महिला ने आरोपियों पर दुराचार का आरोप लगाया है और मेेडिकल के लिए खुद को तैयार बताया है।