आगरा-दिल्ली हाईवे पर अजीजपुर के समीप सड़क किनारे खड़ी महिला उसके बेटे और उसकी धेवती की तेज गति से आते ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में महिला और उसकी धेवती की मौके पर ही मौत हो गई। उसका बेटा गंभीर रूप से घायल है। ग्रामीणों की मदद से हादसा कर भाग रहे चालक को ट्रक सहित पकड़ लिया गया।
हरियाणा के पलवल गांव लाडिया दीघौट निवासी अजय अपनी मां और भांजी के साथ गुरुवार शाम करीब पांच बजे बाइक से सेमरी रिश्तेदारी में जा रहे थे। रास्ते में अजय सड़क किनारे निर्माणाधीन दूसरी सड़क पर खड़े होकर बात कर रहे थे।
उनकी मां हरवती (40) और धेवती पूजा (16) भी वहीं खड़ी हो गईं। तभी कोसी की तरफ से तेज गति से आए ट्रक की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में हरवती और पूजा ने मौके पर दम तोड़ दिया। अजय को घायलावस्था में नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
घटना स्थल पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा कर दौताना के समीप चालक को ट्रक सहित पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।