गौंहारी के निकट गुरुवार की रात एक ट्रक की हाईवे पर खड़े कैंटर में पीछे से टक्कर हो गई। हादसे में कैंटर के क्लीनर और एक किसान की मौत हो गई। दूसरा किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों के परिवारीजनों ने छाता कोतवाली में ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बलदेव से किसान श्यामवीर (45 वर्ष) पुत्र खजान सिंह निवासी दघौट और गिरीश पुत्र राजकुमार कैंटर में आलू लेकर गुड़गांव जा रहे थे। हाईवे पर अशर फैक्ट्री के निकट चालक कैंटर को सड़क किनारे खड़ा कर लघु शंका के लिए चला गया। क्लीनर और दोनों किसान कैंटर के आगे खडे़ होकर बीड़ी पीने लगे।
इसी दौरान मथुरा की ओर से आ रहे ट्रक की कैंटर में पीछे से टक्कर हो गई। किसान श्यामवीर और क्लीनर भूपेंद्र पुत्र पूरन झरौटा, बलदेव की मौके पर ही मौत हो गई। गिरीश गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया है। ट्रक चालक भागने में सफल रहा।