थाना सदर बाजार क्षेत्र की सदर तहसील में जमीनी के मामले में तारीख पर दो भाइयों पर दूसरे पक्ष के लोगों ने कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। तहसील परिसर में हुए इस हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने एक हमलावर को कुल्हाड़ी सहित पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना रिफाइनरी के गांव नवीपुर निवासी हुकम सिंह और उनके भाई गुड्डू का पांच बीघा जमीन को लेकर कोयला अलीपुर निवासी बाबूलाल, पूरन सिंह, लालसिंह और भूरा से विवाद चल रहा है। इसमें डेढ़ बीघा जमीन कोयला अलीपुर में है और 3.5 बीघा जमीन नवीपुर में है। मामले में हुकम सिंह और गुड्डू दोनों भाई सदर तहसील में तारीख पर आए थे।
दोनों तहसील परिसर में अपने सलाहकारों से वार्ता कर रहे थे तभी बाबूलाल, पूरन सिंह, भूरा, लाल सिंह लाठी डंडा और कुल्हाड़ी लेकर वहां आ गए और दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। तहसील परिसर में हुए अचानक हमले को लेकर लोग सकते में आ गए और हमलावरों को घेर लिया। लोगों ने कुल्हाड़ी से हमला कर रहे पूरन सिंह को दबोच लिया। हुकम सिंह और गुड्डू घायल हो गए।
सूचना के आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची सदर पुलिस हमलावर को पकड़कर थाने लाई। मामले में हुकम सिंह के भाई नारायण सिंह ने पूरन सिंह, बाबूलाल, लाल सिंह और भूरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया गया है कि फरार हुए हमलावरों के पास तमंचे भी थे।