अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्य पकड़े
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पकड़े गए युवकों से चोरी की नौ बाइक बरामद हुई हैं। बताया गया है कि यह गिरोह आगरा, भरतपुर, पलवल, फरीदाबाद जिलों में सक्रिय है। एसएसपी ने अंतर्राज्यीय गिरोह के खुलासे पर पुलिस टीम को 5000 रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
शनिवार रात को मिली सूचना के आधार पर एसएसपी डा. राकेश सिंह और एसपी ग्रामीण एके सिंह के निर्देशन में इंस्पेक्टर नरेन्द्र कुमार यादव फोर्स के साथ देर रात गोपाल बाग नहर पुल के पास पहुंचे थे। पुलिस जीप को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन लोगों को दबोच लिया। मौके से नौ मोटरसाइकिल बरामद कीं, जिनमें चार स्प्लेंडर, दो डिस्कवर, एक पैशन, दो यामाहा हैं। पुलिस ने जितेन्द्र सिंह, मुबारिक और गुरदेव निवासी गांव शेषन, थाना जुरैहरा जिला भरतपुर को गिरफ्तार किया है।
इनसे दो तमंचे और चार कारतूस बरामद किए गए। रविवार को एसपी ग्रामीण एके सिंह ने खुलासे की जानकारी दी। सीओ पीयूष कुमार ने आरोपियों के साथियों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम के एसएसआई विनोद मिश्रा, लोकेश भाटी, हरवेन्द्र मिश्रा, प्रदीप कुमार आदि को पुरस्कृत किया जाएगा।