सोशल मीडिया पर धार्मिक मंत्र के साथ आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले शिक्षक को प्रबंध तंत्र ने निलंबित कर दिया है। व्हाट्सएप के ग्रुप एडमिन सहित तीन शिक्षकों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है।
अमर उजाला में 14 मार्च को ‘देवी देवताओं पर अश्लील कमेंट कर रहे गुरुजी’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित हुआ था। इसमें बताया गया था कि मांट के बृज आदर्श इंटर कालेज के शिक्षक नरेश कुमार उर्फ चिक्की ने ‘टीचर्स’ ग्रुप पर गायत्री मंत्र की आपत्तिजनक व्याख्या करते हुए एक पोस्ट डाली थी।
इस ग्रुप पर इस तरह की पोस्ट बीते छह माह से छाता और मथुरा के एक अन्य प्रतिष्ठित कालेज में कार्यरत शिक्षकों ने भी डाली थी। इस ग्रुप के एडमिन सेठ बीएन पोद्दार इंटर कालेज के उमेश पाल सिंह हैं। इससे शिक्षकों के साथ आम जनता में भी काफी रोष था।
इसे ध्यान में रखते हुए डीआईओएस मुकेश कुमार रायजादा ने सभी कालेज के प्रबंधतंत्र को पत्र लिखकर उचित कार्रवाई के आदेश दिए। आदेश के अनुपालन में मांट के बृज आदर्श इंटर कालेज के शिक्षक नरेश कुमार को प्रबंधतंत्र ने जांच में आरोप सही पाए जाने पर निलंबित कर दिया है।
कार्रवाई के बाद से ग्रुप एडमिन सहित अन्य शिक्षकों पर भी कार्यवाही की तलवार लटक गई है। बृज आदर्श इंटर कालेज मांट के प्रधानाचार्य सुजय शर्मा ने नरेश कुमार के निलंबन की पुष्टि की है।