थाना सदर बाजार क्षेत्र और सैन्य इलाके के एक प्रतिष्ठित विद्यालय के प्रिंसिपल का बेटा पटाखों के धमाकों में गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल 12 वीं का छात्र है और फिलहाल दिल्ली में भर्ती है। सेनाधिकारियों ने अपने स्तर से मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें 17 अक्तूबर को मथुरा ब्लाक में चुनाव होने के चलते स्कूल की छुट्टी थी। इस दिन प्रिंसिपल का 17 वर्षीय पुत्र घर पर अपनी मां के साथ था। दोपहर तीन बजे के आसपास वह आधा दर्जन बड़े पटाखे लेकर आया। बताया गया है कि छात्र पटाखों में से बारूद निकालकर प्रयोग कर रहा था।
इसी दौरान तेज धमाका हुआ और छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद छात्र को मथुरा के अस्पताल ले जाया गया लेकिन हालत खराब होने पर दिल्ली रेफर कर दिया। दिल्ली के अस्पताल में बीते दिनों छात्र का ऑपरेशन किया गया है। इधर सेना ने मामले में जांच बैठा दी है।
छात्र के लैपटॉप की हार्डडिस्क को खंगालने के साथ छात्र से भी पूछताछ की जा रही है। मामले में एसओ सदर ने बताया कि कुछ सेना के जवानों ने चार दिन पहले एक छात्र के पटाखा चलाते समय हाथ में पटाखा फटने पर घायल होने और उपचार के लिए दिल्ली ले जाने की सूचना दी थी।