स्वाट टीम के लाइन हाजिर सिपाहियों ने गांजा तस्करी कर ला रहे तस्करों से टूंडला में कार्रवाई कर टवेरा कब्जे में ली और मथुरा की ओर चल दिए। गांजा तस्करों ने टवेरा लूट की सूचना डीआईजी को दी। डीआईजी ने वाहन चेकिंग कराई तो टवेरा को एक्सप्रेसवे पर यमुनापार पुलिस ने पकड़ लिया। टवेरा में स्वाट टीम के सिपाहियों को देख चेकिंग दस्ते में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसपी सिटी पहुंच गए। बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि लाइन हाजिर के बाद भी किस अधिकारी के आदेश पर उन्होंने यह कार्रवाई की।
एसएसपी ने सोमवार को पूरी स्वाट टीम को लाइन हाजिर कर दिया था। इसके बावजूद स्वाट टीम के चार सिपाही और प्रभारी अपराधी की तलाश में टूंडला गए। सोमवार रात टूंडला में सिपाहियों को त्रिपुरा से तस्करी कर गांजा लाने वाली गाड़ी टवेरा यूपी 85, एटी 2667 दिखी। सिपाहियों ने गांजा तस्करों की गाड़ी ओवरटेक कर रोक ली और कब्जे में कर गांजा तस्करों की पिटाई कर अपनी गाड़ी में बैठा लिया, गाड़ी एक्सप्रेसवे पर मथुरा की ओर दौड़ा दी। गांजा तस्करों के साथ दूसरी गाड़ी में चल रहे तस्करों ने टवेरा लूट की सूचना डीआईजी को दी।
डीआईजी ने एक्सप्रेसवे पर टवेरा को घेरने का मैसेज प्रसारित कराया। स्वाट टीम के सिपाहियों ने खंदौली टोल पर टवेरा नहीं रोकी और बैरियर में टक्कर मारकर मथुरा की ओर भाग लिए। इस पर एसओ यमुनापार ने गाड़ी को एक्सप्रेसवे पर घेराबंदी कर पकड़ लिया। गाड़ी में बैठे लोगों को देखा तो पुलिस हक्की-बक्की रह गई। टवेरा में स्वाट टीम के लाइन हाजिर सिपाही थे। सूचना पर एसपी सिटी शैलेश पांडेय पहुंच गए। एसपी सिटी ने अधिकारियों को अवगत कराया। टवेरा की तलाशी ली तो उसमें 12 किलो त्रिपुरा का विशेष किस्म का गांजा बरामद किया। साथ ही गाड़ी चालक रविंद्र सहित पांच लोगों को कोतवाली मथुरा ले आए।
कोतवाली पुलिस ने दिखाया अपना गुडवर्क
लाइन हाजिर स्वाट टीम द्वारा पकड़े गए गांजा तस्करों को कोतवाली पुलिस ने अपना गुडवर्क बताया। इसमें टवेरा गाड़ी के चालक रविंद्र निवासी गांव बाटी, राजेंद्र पंडित निवासी तेलीपाड़ा, चंद्रकुमार निवासी गौतमपाड़ा वृंदावन, गोपाल मंडल और सपना देवनाथ निवासी त्रिपुरा को 12 किलो गांजा और गांजा तस्करी में प्रयुक्त टवेरा गाड़ी बरामद की है।
किसके आदेश पर गए थे गांजा तस्कर को पकड़ने?
स्वाट टीम को एसएसपी ने सोमवार को लाइन हाजिर कर दिया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार 13 सितंबर को उनको लाइन हाजिर करने के आदेश पढ़ा दिए थे। इसके बाद भी लाइन से सभी सिपाही किस अधिकारी के आदेश पर गांजा तस्कर को पकड़ने गए थे, यह सवाल उठ रहा है। बताया गया कि गाड़ी में त्रिपुरा से आने वाला विशेष किस्म के गांजे को बरामद करने गए।