माध्यमिक शिक्षा परिषद् की बुधवार को द्वितीय पाली मेें इंटरमीडिएट की जीवविज्ञान का प्रथम प्रश्नपत्र था। छाता के तहसीलदार अमित गुप्ता ने अक्रूर इंटर कालेज में छापा मारा। इस दौरान परीक्षार्थियों ने नकल सामग्री खिड़की से बाहर फेंकना शुरू कर दिया।
यह देखकर सचल दल ने दो कक्ष निरीक्षक पकड़ लिए। तहसीलदार के निर्देश पर केंद्र व्यवस्थापक लालबहादुर सिंह ने दोनों कक्ष निरीक्षक यशपाल सिंह और रामाश्रय यादव के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। गायत्री शिक्षा निकेतन विद्यालय लाड़पुर में डीआईओएस मुकेश कुमार रायजादा ने एक नकलची को पकड़ा।
प्रधानाचार्य परिषद् के अध्यक्ष डॉ. अजयकृष्ण सारस्वत, दिनेश सिंह राना आदि ने दोनों कक्ष निरीक्षकों को तहसीलदार द्वारा गलत फंसाए जाने का आरोप लगाया है।
पैसे न देने पर छात्र को पीटने का आरोप
सौंख स्थित कालेज में गुनसारा भरतपुर निवासी लोकेश कुमार को दसवीं की गणित की परीक्षा में चार हजार रुपये देने से इनकार करने पर पीटने का आरोप लगाया गया है।
यह भी आरोप है कि उसे पेपर नहीं देने दिया और विद्यालय से भगा दिया। इसकी शिकायत उसने डीआईओएस और डीएम से की, लेकिन अभी तक उसकी समस्या का निस्तारण नहीं हो सका है।
सीबीएसई का बिजनेस स्टडीज पेपर हुआ
जिले के दस केंद्रों पर चल रही सीबीएसई की परीक्षाओं के तहत गुरुवार को 12वीं की बिजनेस स्टडीज की परीक्षा हुई। सीबीएसई कोआर्डिनेटर अजय शर्मा के मुताबिक सीबीएसई की परीक्षाएं शांतिपूर्ण संपन्न हो रहीं हैं। किसी भी परीक्षा केंद्र से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हो रही है।