कोतवाली डेंपियरनगर के गेस्ट हाउस में बुधवार की देर शाम एक महिला ने अधिवक्ता पर बलात्कार करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। महिला अपने पति के साथ करीब एक सप्ताह से गेस्ट हाउस में ठहरी हुई थी। घटना के समय महिला का पति खाना खाने के लिए बाहर गया था।
कोतवाली क्षेत्र के डेंपियर नगर स्थित गेस्ट हाउस में आगरा निवासी एक दंपति के पर्स चोरी का एक केस कृष्णानगर निवासी अधिवक्ता लड़ रहे हैं। इसके लिए दंपति पिछले एक सप्ताह से यहां रुके हुए थ्ाे।
महिला के पति का आरोप है कि जब वह बुधवार की देर सायं अपने रूम से बाहर गये तो अधिवक्ता ने आकर उनकी पत्नी के साथ बलात्कार किया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया है। पुलिस पीड़ित दंपति और आरोपी को लेकर कोतवाली आ गई। गेस्ट हाउस में बलात्कार की सूचना से मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई। समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। वहीं अधिवक्ता का कहना है कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
एसपी सिटी मनोज सोनकर पीड़ित दंपति से पूछताछ कर रहे थे। एसपी सिटी ने बताया कि महिला ने अधिवक्ता पर बलात्कार का आरोप लगाया है। अभी तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।