गांव बिसावली से चोरी गई तीन भैंस 80 हजार रुपये की फिरौती देने के बाद वापस आईं। फिरौती के बाद भैंस वापस करने आए एक चोर की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे लोगों से छुड़ाया।
चार जनवरी को बिसावली से श्रीचंद्र शर्मा की तीन भैंस चोरी हो गई थीं। काफी तलाशने के बाद भी भैंस नहीं मिली तो उसने अगले दिन बिचपुरी चौकी पर भैंस चोरी का मुकदमा दर्ज करा दिया।
भैंसों को तलाशने के दौरान श्रीचंद्र की मुलाकात नसीटी निवासी मुन्ना पहलवान से हुई। उसने भैंसों को वापस करने के बदले 80 हजार रुपये की फिरौती मांगी।
श्रीचंद्र ने 80 हजार रुपये दे दिए। नसीटी गांव में नहर के निकट स्थित कोठी पर तीनों भैंसों को देने का वायदा किया गया। वायदे के मुताबिक जब मुन्ना महिन्द्रा जीप से भैंसों को देने पहुंचा, तो वहां ग्रामीण एकत्रित हो गए और मुन्ना पहलवान को पकड़ लिया। पिटाई करने लगे।
इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस पहुंची और उसे लोगों से छुड़ाकर थाने ले गई।