वृंदावन-छटीकरा मार्ग पर रविवार को दिल्ली के युवकों ने ट्रैफिक पुलिस के सिपाही के साथ मारपीट कर दी। सिपाही ने उन्हें सही जगह गाड़ी खड़ी करने को कहा था। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली के नरेला निवासी गौरी शंकर, मनीष, अतुल और नरेंद्र ने रविवार रात को बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के बाद प्रेम मंदिर के बाहर अपनी एसयूबी कार खड़ी कर दी थी। वहां तैनात ट्रैफिक पुलिस के सिपाही विनोद कुमार ने गाड़ी को पार्किंग में खड़ी करने को कहा। आरोप है कि इस बात पर गौरीशंकर का सिपाही से विवाद हो गया।
तभी गाड़ी से चारों लोगों ने सिपाही विनोद के साथ मारपीट कर दी। इसमें सिपाही की वर्दी भी फट गई। यह देखा आसपास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। चारों आरोपी भाग पाते तब तक पुलिस पहुंच गई और आरोपियों को कोतवाली ले आई।
सिपाही विनोद के प्रार्थना पत्र पर वृंदावन पुलिस ने चारों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने के, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।