11 दिन पूर्व थाना हाईवे क्षेत्र में हुई अधिवक्ता पंडित वीरेन्द्र चौधरी के यहां डकैती होडल के वीरेन्द्र फौजी गैंग ने डाली थी। सेना से रिटायर वीरेन्द्र फौजी ने अपने साथी चालक से कई दिनों तक परिवार की रैकी कराई थी।
29 मार्च को दिनदहाड़े विश्वलक्ष्मी नगर निवासी एमवीडीए के अधिवक्ता पंडित वीरेन्द्र चौधरी के यहां तीन बदमाश घुस आए थे। दंपति को बंधक बनाकर डेढ़ लाख नकदी और जेवर लूट ले गए।
मामले में एसएसपी मंजिल सैनी ने स्वाट टीम, सर्विलांस टीम और हाईवे पुलिस को खुलासे के लिए लगाया था। मामले में वीरेन्द्र फौजी निवासी गांव डकौरा थाना होडल पलवल, सुनील निवासी नगला सुदामा थाना मांट, राधेश्याम पुनिवासी गांव जरारा थाना सुरीर को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी सिटी शैलेश पांडेय ने बताया कि वीरेन्द्र फौजी सेना से रिटायर है। उसने ही योजना बनाई और उसे अमलीजामा पहनाया। पुलिस ने लूटे गए 45 हजार रुपये, सोने की दो चेन, दो अंगूठी, तीन तमंचे और लूट में प्रयुक्त आल्टो कार बरामद की है।
घटना लूट की, खुलासा डकैती का
मथुरा। दर्ज करते समय अपराध को कम किया और खुलासे के समय बढ़ा दिया। वीरेन्द्र वकील के यहां वारदात में भी पुलिस की ओर से यही किया गया। 29 मार्च को हुई वारदात को हाईवे पुलिस ने तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ धारा 342, 394 में दर्ज किया। गुरुवार को हुए खुलासे में डकैती की धारा 395 में होना बताया। तर्क दिया कि तीन लोग डकैती डालने वक ील के घर में अंदर गए थे। दो मकान के बाहर थे।
तीन दिन की थी रैकी
मथुरा। वकील पंडित वीरेन्द्र चौधरी के यहां लूट के लिए रैकी सुरीर कोतवाली के गांव जरारा निवासीराधेश्याम ने की थी। राधेश्याम भाड़े पर गाड़ी चलाता है। वारदात से 10 दिन पहले वह वीरेन्द्र चौधरी के परिवार को लेकर जयपुर और उदयपुर गया था। इसी दौरान उसने परिवार की सम्पन्नता का आकलन कर लिया था। वह दो दिन और कालोनी में रैकी करने गया था।