कस्बा नौहझील में रविवार को बजाज डीलर हर्ष ऑटो के मालिक सरवन अग्रवाल से हुई 2.69 लाख रुपये की लूट करने से पहले लुटेरों ने तीन दिन लगातार रेकी की थी। इसके लिए लुटेरे बजाज कंपनी की एक बाइक को हर्ष ऑटो पर सर्विस और मरम्मत कराने आए थे। इसके बाद उन्होंने रविवार को वारदात को अंजाम दिया।
सरवन अग्रवाल ने एटीएम, पेनकार्ड, चेकबुक और अन्य कागजात लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके बाद एसएसपी मंजिल सैनी ने मामले के खुलासे के लिए सीओ मांट, एसपी देहात अजय कुमार के नेतृत्व में दो टीम लगाई हैं। उन्होंने सरवन अग्रवाल और बजाज शोरूम पर कार्यरत मिस्त्रियों से पूछताछ की। सरवन ने लुटेरों के चेहरे बताए और स्कैच बनवाए।
स्कैच के आधार पर मिस्त्रियों ने बताया कि लुटेरों ने तीन चार दिन पहले बजाज कंपनी की बाइक सर्विस कराई थी। इसके बाद लुटेरे कोई न कोई कमी बताकर शाम के समय बाइक सही कराने आते रहे। पुलिस शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की हार्डडिस्क खंगाल रही है। एसपी देहात अजय कुमार ने इस मामले में घटना स्थल बस स्टैंड के निकट फल, मिठाई और अन्य दुकानदारों से पूछताछ की।