बेसन फैक्ट्री के मालिक की पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने नौकर कृष्णा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से लूटी गई नकदी और जेवरात बरामद हुए हैं। माना जा रहा है कि बुधवार को पुलिस इस संबंध में खुलासा करेगी।
सोमवार को इंडस्ट्रियल एरिया में बेसन फैक्ट्री के मालिक नरेंद्र वार्ष्णेय की पत्नी मुन्नी देवी की फावड़े से काटकर हत्या कर दी गई थी। घर में रखी 50 हजार की नकदी और अलमारी से जेवरात भी नहीं मिले थे। मामले में नरेंद्र वार्ष्णेय ने नौकर कृष्णा का नाम लिया था। कृष्णा को चार दिन पहले ही नौकरी पर रखा गया था। पुलिस रात में ही कृष्णा की तलाश में लग गई थी।
कई जगह दबिश दी गई लेकिन वो हाथ नहीं लगा। पुलिस ने उस मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया जिसे कृष्णा लूटकर ले गया था। लोकेशन मिलते ही पुलिस ने कृष्णा को दबोच लिया। हालांकि इसका खुलासा पुलिस अभी नहीं कर रही है।
सिर पर था गंभीर जख्म
मंगलवार को पुलिस ने मुन्नी देवी के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। गहरा जख्म था जिसके कारण उनकी मौत हो गई थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पर भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दोपहर को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।