छाता के गोवर्धन रोड स्थित एक हास्टल में छात्र के रूप रह रहे संदिग्ध युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बिहार का निवासी बताए जा रहे युवक के पास से बड़ी संख्या में पासपोर्ट, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, उर्दू में लिखे दस्तावेज, उर्दू लिखे आई कार्ड बरामद हुए हैं।
बताया गया कि विकास आनंद नाम के इस युवक ने खुद को एक निजी नामी स्कूल का छात्र बताकर जुलाई में हास्टल में कमरा लिया था।
उसने हास्टल संचालक को पहचान के दस्तावेज के रूप में अपना आधार कार्ड दिखाया था। कुछ दिनों तक तो विकास स्कूल जाने की कहकर हास्टल से बाहर निकलता रहा। वह लगभग स्कूल के समय पर बाहर निकलता और स्कूल की छुट्टी के समय के आसपास हास्टल लौट आता।
बाद में वह वक्त-बेवक्त हास्टल से आने-जाने लगा। उसके व्यवहार को लेकर आशंकित होने पर साथी छात्रों ने हास्टल संचालक से शिकायत की। बताया गया कि विकास अपने कमरे में किसी को जाने नहीं देता था। विदेशों की बातें करता और अक्सर छात्रों को पड़ोसी देश पाकिस्तान के बारे में बताने लगता।
हास्टल संचालक की सूचना पर रविवार दोपहर दो बजे के करीब छाता पुलिस पहुंची और युवक को कोतवाली ले गई। उसके कमरे की छानबीन में करीब 159 पासपोर्ट, बड़ी संख्या में आधार कार्ड, वोटर कार्ड, उर्दू में लिखे दस्तावेज, उर्दू और अन्य भाषा में बने आई कार्ड बरामद किए गए।
आईबी, एलआईयू और पुलिस के अधिकारी युवक से पूछताछ कर रहे हैं। बताया गया कि घंटों तक पूछताछ में वह खुद को विदेशों में नौकरी लगवाने वाली कंपनी का एजेंट बताता रहा।
---
-छाता में एक हास्टल में रह रहा संदिग्ध युवक पकड़ा है। उससे बड़ी संख्या में पासपोर्ट और संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं। युवक से आईबी, एलआईयू के अधिकारी और सीओ छाता पियूष कुमार पूछताछ कर रहे हैं।
-डा. राकेश सिंह, एसएसपी मथुरा