हाईवे पुलिस ने गोवर्धन चौराहे से अपहरण और हत्या के आरोपी को दबोचा है। फरार दो आरोपियों की तलाश में हाईवे पुलिस दबिश दे रही है। हत्या का मुख्य अभियुक्त पुलिस से बचकर कोर्ट में सरेंडर कर चुका है। आरोप है कि पांच माह पहले इन सभी ने मथुरा से एक युवक का अपहरण कर उसकी हत्या करके शव बुलंदशहर में फेंक दिया था।
थाना हाईवे पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी बुलंदशहर निवासी पिंटू है। प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि थाना नौहझील के इनायतगढ़ निवासी प्रेमवीर सिंह अपने मित्र गौतमबुद्ध नगर निवासी कुलदीप के साथ एटीवी के पीछे थाना हाईवे में किराए पर रह रहे थे। अक्तूबर में कुलदीप और प्रेमवीर लापता हो गए।
दिसंबर में प्रेमवीर के पिता वीरपाल ने गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने तलाशा तो युवक का सुराग नहीं लगा। पुलिस ने गुमशुदगी अपहरण में तरमीम करके जांच शुरू की। हाईवे पुलिस की जांच में बुलंदशहर थाने के ककोर में 21 अक्तूबर को मिले शव की शनाख्त मथुरा के युवक के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार मामले में कुलदीप ने प्रेमवीर की हत्या अपनी पत्नी से अवैध संबंधों के चलते अपने तीन साथियों के साथ मिलकर की थी। कुलदीप ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। दो आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है।