नौरंगाबाद चौराहे पर जाम लगाए गोरक्षा दल
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार की शाम शहर में उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया जब साबितगंज चौराहे के पास गोवंश को कटे हिस्से को देख गोरक्षक भड़क गए। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नौरंगाबाद चौराहा पर जाम लगा दिया। इस दौरान बवाल की आशंका पर दुकानदारों ने अपने अपने प्रतिष्ठानों के शटर गिराने शुरू कर दिए। देखते ही देखते बाजार बंद हो गए। उधर माहौल बिगड़ने ने पाए इसे लेकर प्रशासन भी सतर्क हो गया। बाजार में भारी पुलिस व पीएसी फोर्स तैनात कर दिया। गोरक्षकों की मांग पर प्रशासन ने मामला दर्ज कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया। गोरक्षा दल के प्रदेश महामंत्री मयंक विधौलिया ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने की तहरीर दी है।
शहर के साबितगंज चौराहा के समीप से गुजरे गोरक्षा दल के प्रदेश महामंत्री मयंक विधौलिया ने वहां गोवंश का कटा हुआ हिस्सा देखा। उन्होंने तुरंत अपने दल के सदस्यों को सूचना दी। रविराज गोला, लाली दादा, गिरधर दीक्षित, निक्की तिवारी, दीपक दुबे, लाल चौबे, अविनाश अग्निहोत्री, वीर ठाकुर, रविकांत शाक्य, अमित जाधव, डा. समीर विधौलिया सहित अन्य तमाम गोरक्षा दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कटे हुए हिस्से के साथ नौरंगाबाद चौराहा पर पहुंचे और जाम लगा दिया। उधर मामले की सूचना मिलने पर प्रशासन भी सतर्क हो गया। पीस कमेटी की कोतवाली में बैठक चल रही थी। एसएसपी शिवहरि मीणा व डीएम शमीम अहमद पीस कमेटी की बैठक ले रहे थे। एसएसपी ने पुलिस फोर्स मौके पर भेजा। साथ ही पुलिस व पीेएसी फोर्स को शहर में मूव करा दिया। आसपास के थानों की पुलिस को भी शहर बुलाकर अलग अलग स्थानों पर तैनात कर दिया।
जाम स्थल पर पहुंचे एएसपी रामकिशन यादव, सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर, सिटी मजिस्ट्रेट जगतपाल ने कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। इस पर गोरक्षक शांत हुए। एसएसपी शिवहरि मीणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी। डीएम शमीम अहमद ने शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार अफवाह फैलाने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सीओ सिटी ने बताया कि प्रतिबंधित पशु के कटे हुए हिस्से का पोस्टमार्टम पशु चिकित्सकों से कराया गया है।
राजागंज बाजार भी हुआ बंद
इटावा। नौरंगाबाद चौराहे पर लगे जाम के कारण राजागंज चौराहे पर भी दुकानदारों ने अपने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिया। हालांकि पुलिस प्रशासन ने शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर फोर्स की तैनाती के बाद अफवाहों पर विराम लग गया।