बैंककर्मी बनकर फोन पर खाते की पूरी डिटेल पूछी और पचास हजार रुपये की आनलाइन खरीदारी कर ली गई।
वृंदावन रोड हालनगंज तेलीपाड़ा निवासी उस्मान पेशे से टेलर हैं। उनका कोतवाली रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में खाता है। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे उस्मान के मोबाइल 9568773248 पर फोन आया। दूसरी ओर से कहा गया कि वो बैंक ऑफ बड़ौदा से बोल रहे हैं और आज साल के आखिरी दिन उनका एटीएम ब्लाक हो जाएगा।
अगर उनको अपना एटीएम चालू रखवाना है तो डिटेल बतानी होगी। इस पर उस्मान ने कहा कि अभी तो बैंक खुली भी नहीं होगी। इस पर फोन करने वाले ने खुद को एटीएम की 24 घंटे की तत्काल सेवा का कर्मचारी बताया। उस्मान को उस पर विश्वास हो गया और उन्होंने एटीएम की पूरी डिटेल बता दी।
इसके पांच मिनट बाद ही उस्मान के खाते से पैसे निकलने के मैसेज आने लगे। 10 बजे उस्मान बैंक पहुंचे तब तक 50 हजार रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली गई थी। उस्मान ने इसकी शिकायत बैंक और कोतवाली पुलिस को की है।