यमुना एक्सप्रेसवे पर नोएडा से आगरा की ओर जाने वाले रोड पर मंगलवार तड़के सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 80 के निकट किसी वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने सड़क पर पड़े शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी। 35 वर्षीय मृतक युवक ने कत्थई रंग का पेंट और सफेद रंग की शर्ट पहन रखी थी।
दूसरा हादसा सोमवार रात थाना नौहझील क्षेत्र में माइल स्टोन 76 के समीप हुआ। इसमें नोएडा से आम की पेटियां लेकर आगरा की ओर जा रहा आयशर कैंटर का टायर पंचर होने पर चालक सचिन निवासी मेरठ अपने साथी हेल्पर राकेश के साथ स्टेपनी बदल रहे थे। तभी पीछे से आए किसी वाहन की उनसे टक्कर हो गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक की हालत गंभीर बताई गई है। उसे जिला अस्पताल से आगरा रेफर कर दिया है।
तीसरा हादसा सोमवार रात थाना नौहझील क्षेत्र में माइल स्टोन 67 के समीप हुआ। इसमें नोएडा से आगरा की ओर जा रही ऑल्टो कार अचानक बेकाबू होकर कलाबाजी खाते हुए रेलिंग तोड़ कर दूसरे रोड पर पलट गई। उसमें सवार दो लोग घायल हो गए। जिन्हें एक्सप्रेसवे कर्मियों ने उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।