नगला सपेरा में आश्रम में बुधवार रात किसी ने साधु के सिर में पत्थर मार कर हत्या कर दी। हत्यारे आश्रम से नकदी और कागजात अपने साथ ले गए। मृतक के भाई बच्चू सिंह की तहरीर पर आश्रम में रह रहे जीतू निवासी सारंगपुर नगर के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव की नव विकसित कालोनी में गिडोह कोसीकलां निवासी मानबिहारी दास (40 वर्ष) पुत्र श्याम सुंदर एक आश्रम पर रहते थे। गुरुवार सुबह आश्रम देर तक नहीं खुला तो पड़ोसियों ने आश्रम में झांक कर देखा।
साधु मानबिहारी दास तख्त पर लहूलुहान हालत में पडे़ थे। सूचना पर पुलिस पहुंच गई तो देखा कि साधु मृत पड़े हैं और खून से सनी पत्थर की सिल शव के नजदीक पड़ी थी। साधु की हत्या सिर पर भांग घोटने वाली सिल से प्रहार कर की गई है। पड़ोसियों और मृतक साधु के शिष्य लोकेश चौधरी ने बताया कि आश्रम में चार-पांच दिन से एक युवक रह रहा था।
जिसे बुधवार रात तक साथ देखा गया था। घटना के बाद से युवक लापता है। सूचना पर मृतक के परिवारीजन भी पहुंच गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।