गोविंदनगर इलाके में रविवार की शाम को बदमाशों ने स्कूटी सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। सिर में सटाकर तमंचे से गोली मारने के बाद बेखौफ युवक भाग निकले।
वहीं सरेशाम घनी आबादी में हुई घटना से सनसनी मच गई। सूचना पर सीओ, एसओ ने आकर घटना की छानबीन शुरू की। हालांकि खबर लिखे जाने तक मृतक की ही शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
बताया जाता है कि रविवार की शाम करीब छह बजे लगभग 30 वर्षीय युवक स्कूटी से गोविंद नगर की कन्हैया कुंज कालोनी की तरफ से जा रहा था। तभी पीछे से स्कूटी से ही दो युवक पहुंचे। इनमें से पीछे बैठे युवक ने नजदीक पहुंचते ही सिर में सटाकर तमंचे से गोली मार दी।
इससे वह वहीं ढेर हो गया। सरेराह गोली मारकर युवक की हत्या से इलाके में सनसनी मच गई। सूचना लगते ही गोविंद नगर पुलिस, सीओ सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक की जेब से एक मोबाइल बरामद किया है। इसकी के माध्यम से वह उसकी शिनाख्त नहीं जुटी है।
वहीं पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करके कातिलों का भी सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। वहीं बीच शहर हुई हत्या से लोगों में जबरदस्त दहशत है। लोगों का कहना है कि सरेशाम बेखौफ तरीके से हुई हत्या शहर में बेलगाम हो चुके अपराधियों की बानगी है।