बलदेव रोड पर दिनदहाड़े तीन बाइक पर सवार छह बदमाशों ने गैस ऐजेंसी के मुनीम से तीन लाख रुपये लूट लिए। बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग निकले। घटना की जानकारी होते ही पुलिस दौड़ पड़ी, लेकिन कोई सफलता हासिल नहीं हुई। दिन दहाड़े हुई वारदात को लेकर जनता में भय व्याप्त है।
बलदेव रोड राया निवासी मंजू राय की राया में राय गैस ऐजेंसी है। बलदेव रोड पर सियरा के समीप गैस सिलेंडरों का गोदाम बना हुआ है। गुरुवार शाम पौने पांच बजे हॉकरों से आए कैश को मुनीम राकेश कुमार पुत्र हुब्ब लाल निवासी राया गिन रहे थे। निकट ही मैक्स चालक नीर कुमार और राकेश ठैनुआ भी अपना-अपना पेमेंट जमा कराने के लिए खड़े थे।
तभी तेजी के साथ पांच छह लोग अंदर दफ्तर में प्रवेश कर गए और तीनों पर तमंचा तान दिया। तीनों सकपका गए। पैसों से भरा बैग एक बदमाश ने छीन लिया और दूसरे ने नीर की तलाशी लेकर जेब में रखे साठ हजार रुपये, तीसरे ने राकेश ठैनुआ निवासी मांट की तलाशी लेकर 30 हजार रुपये निकाल लिए और हवा में तमंचा लहराते हुए भाग निकले।
बदमाशों ने इस दौरान किसी के साथ मारपीट नहीं की। वे यदि मारपीट करते तो बाहर खड़े लोगों को पता चल जाता। बदमाश अंदर एजेंसी गोदाम में प्रवेश कर रहे थे उस दौरान बाहर 15 लोग खड़े थे, लेकिन वह समझ नहीं सके और छह बदमाश दो काले रंग की पल्सर और लाल रंग की अपाचे मोटर साइकिल पर सवार होकर भाग निकले। घटना की जानकारी तत्काल कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी। बदमाशों की तलाश में कॉम्बिंग कराई गई, लेकिन कोई सफलता हासिल नहीं हुई।