ट्रैक्टर खरीदने जा रहे बाइक सवार दो युवकों को कोसी-शाहपुर मार्ग पर देर शाम गोली मारकर बदमाश एक लाख रुपये लूट ले गए। घायल को नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। सूचना पर सीओ और थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। देर रात इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।
भवनपुरा (गोवर्धन) निवासी गोविंद पुत्र भगतजी अपने साथी सौंख निवासी पन्नालाल पुत्र छिद्दा के साथ गुरुवार शाम करीब पौने आठ बजे अपनी बाइक से गांव बुखरारी ट्रैक्टर खरीदने जा रहे थे। उनके पास एक लाख रुपये थे।
कोसी-शाहपुर मार्ग पर बुखरारी में छतरी के समीप पीछे से बाइक पर आए तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने गोविंद की जेब में रखे रुपये मांगे, गोविंद ने विरोध किया तो बदमाशों ने गोली चला दी, जो गोविंद के पैर में लगी।
पन्नालाल भी बाइक से गिरकर घायल हो गए। बदमाश गोविंद की जेब में रखे 500-500 के नोटों के पैकेट छीनकर शाहपुर की ओर भाग निकले। गोविंद ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी वहां से गुजर रहे राहगीरों को दी। घायल को उपचार के लिए नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।